Founder – Mohan Milan

सांसद अजय मंडल पर बरसे मंत्री शैलेंद्र, कहा- ‘चेत जाइए, नहीं तो आने वाला समय बुरा होगा’

भागलपुर,अंग भारत। जिले के खरीक प्रखंड के काजी कोरैया में आयोजित एक सभा के दौरान बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने भागलपुर के सांसद अजय मंडल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने सांसद को सीधे शब्दों में चेतावनी दी और कहा, “सांसद महोदय, आप चेत जाइए, नहीं तो आने वाला समय आपके लिए काफी बुरा होगा।”मंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बयान के बाद जिले की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।

‘गठबंधन ने दो बार विधायक और दो बार सांसद बनाया’

🔥 इसे भी पढ़ें

मंत्री शैलेंद्र ने सांसद अजय मंडल पर अहसानफरामोशी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू गठबंधन ने टिकट देकर अजय मंडल को दो बार विधायक और दो बार सांसद बनाया। इसके बावजूद वह लगातार अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।मंत्री ने कहा कि सरकार में रहते हुए किसी योजना या विकास कार्य को लेकर आपत्ति है तो उसे उचित मंच पर उठाया जाना चाहिए। सार्वजनिक रूप से सरकार के खिलाफ बयान देना उचित नहीं है।

बेली ब्रिज और कटाव निरोधी कार्य को लेकर उठाए सवाल

मंत्री शैलेंद्र ने आरोप लगाया कि सांसद अजय मंडल कभी बेली ब्रिज में घोटाले की बात उठाते हैं, तो कभी काजी कोरैया में चल रहे कटाव निरोधी कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हैं। मंत्री के अनुसार, इस तरह के बयानों से सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने कहा कि सांसद सरकार के ही अंग हैं। यदि उन्हें किसी विकास कार्य, योजना या निर्माण कार्य में गड़बड़ी नजर आती है तो वह अपनी बात सरकार के समक्ष या संबंधित उचित मंच पर रख सकते हैं। सरकार के स्तर पर उनकी आपत्ति पर विचार किया जा सकता है।

‘सोशल मीडिया पर सरकार को बदनाम करना उचित नहीं’

पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक तौर पर अपनी ही सरकार के खिलाफ बयान देना कहीं से भी उचित नहीं है। उन्होंने सांसद को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपने आचरण पर विचार करना चाहिए।मंत्री की ओर से सांसद को दी गई खुली चेतावनी के बाद भागलपुर की सियासत गरमा गई है। उनके बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, सांसद अजय मंडल की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon