Founder – Mohan Milan

बाढ़ के पानी के साथ आई अज्ञात मछलियों से रहें सावधान, सेवन नहीं करने की अपील

पश्चिम चम्पारण (बगहा),अंग भारत । नेपाल की ओर से आए बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ इलाकों में अज्ञात और असामान्य मछलियां पहुंचने की सूचना के बाद मत्स्य प्रभाग, बिहार सरकार ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने साफ कहा है कि बाढ़ के पानी से पकड़ी गई किसी भी अनजान मछली को बिना पहचान और विभागीय पुष्टि के खाने से बचें।बगहा अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने बताया कि मत्स्य प्रभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की ओर से इस संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग को ऐसी मछलियों के सेवन के बाद कुछ लोगों के बीमार पड़ने की सूचना मिली है। इसी को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

बाढ़ के पानी में दूर तक पहुंच जाती हैं मछलियां

मत्स्य विभाग के अनुसार, बाढ़ आने के दौरान तालाब, नदी, झील और दूसरे जलस्रोतों की मछलियां पानी के तेज बहाव के साथ बाहर निकलकर काफी दूर तक पहुंच जाती हैं। कई बार अलग-अलग जलस्रोतों की मछलियां भी बाढ़ के पानी के साथ दूसरे इलाकों में पहुंच जाती हैं।बाढ़ का पानी कई जगह गंदी नालियों, कचरे, मृत जानवरों और दूसरे दूषित पदार्थों के संपर्क में आता है। ऐसे में इस पानी में रहने वाली मछलियों के भी दूषित होने का खतरा बना रहता है। विभाग ने बताया कि ऐसी मछलियों में जीवाणु, विषाणु और कवक जैसे हानिकारक तत्व मौजूद होने की आशंका हो सकती है।

बाढ़ के पानी से पकड़ी मछली खाने से बचें

विभाग ने लोगों से अपील की है कि जब तक बाढ़ की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक बाढ़ के पानी से पकड़ी गई मछलियों का सेवन न करें। साथ ही ऐसी मछलियों को खरीदने या बेचने से भी बचने की सलाह दी गई है।अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ के पानी में पकड़ी गई मछलियों को सिर्फ इस वजह से खाने योग्य न मानें कि वह सामान्य मछली जैसी दिखाई दे रही है। खासकर ऐसी मछलियों से सावधान रहने की जरूरत है, जिनकी पहचान स्थानीय लोगों को नहीं है।

अपरिचित मछली दिखे तो प्रशासन को दें जानकारी

मत्स्य विभाग ने लोगों से कहा है कि किसी भी अपरिचित या असामान्य मछली के मिलने पर खुद से उसकी पहचान करने या उसका सेवन करने की कोशिश न करें। इसकी जानकारी जिला मत्स्य पदाधिकारी या स्थानीय प्रशासन को दें।विभाग ने यह भी अपील की है कि सोशल मीडिया या दूसरे माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। किसी मछली के बारे में सही जानकारी सिर्फ संबंधित विभाग या सक्षम अधिकारी से ही लें।

बीमार पड़ने पर तुरंत अस्पताल जाएं

एडवाइजरी में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को लेकर भी सतर्क किया गया है। अगर किसी व्यक्ति ने ऐसी मछली खा ली है और उसके बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर, सांस लेने में परेशानी या किसी तरह का दूसरा असामान्य लक्षण दिखाई देता है तो इसे हल्के में न लें।विभाग ने ऐसे लोगों को बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि बाढ़ के दौरान किसी भी तरह का जोखिम न लें और अपनी सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon