रजौन/बांका/अंग भारत। नौ ग्रह एवं 27 नक्षत्रों की गति तथा प्रकृति से समन्वयकारी काल गणना के अनुसार युगाब्द 5128 और विक्रम संवत 2083 के आगमन पर रजौन में उत्सव का माहौल रहा। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, हिंदू नववर्ष और बासंतिक चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ 19 मार्च दिन गुरुवार को हुआ, जिसके उपलक्ष्य में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रजौन खंड द्वारा भव्य पथसंचलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुबह से ही सनातन धर्मावलंबियों ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से नूतन वर्ष व नवरात्रि की शुभकामना संदेश और बधाई देने के साथ उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। पथसंचलन रजौन प्रखंड मुख्यालय मैदान से शुरू हुआ, जिसमें 4 दर्जन से अधिक पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह संचलन मुख्य मार्ग से होते हुए चकसपिया मोड़ और फिर डीएन सिंह महाविद्यालय तक भ्रमण करने के पश्चात पुनः प्रखंड मुख्यालय मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिंहनान निवासी एवं एसएम कॉलेज भागलपुर के सेवानिवृत्त प्राध्यापक छविलाल यादव ने भारतीय काल गणना और हिंदू नववर्ष के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक जीवनदीप ने अमृतवचन प्रस्तुत किए, जबकि अवधेश कुमार ने एकल गीत की प्रस्तुति दी। मुख्य वक्ता के रूप में भागलपुर विभाग के सह संघचालक एवं रसायन विभाग के सेवानिवृत्त प्रो. राणा प्रताप सिंह का बौद्धिक संबोधन प्राप्त हुआ। उन्होंने विदेशी आक्रांताओं के अत्याचारों का उल्लेख करते हुए संघ के संस्थापक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार के जीवन और संघ की सौ वर्षों की यात्रा पर विस्तृत जानकारी दी। मालूम हो कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही 1 अप्रैल 1889 में संघ के संस्थापक सह आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार का जन्म हुआ था, जिसको लेकर संघ के स्वयंसेवकों के लिए यह तिथि विशेष महत्व रखती है। प्रो. राणा प्रताप ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भारतीय काल गणना की श्रेष्ठता बताते हुए समाज जागरण में स्वयंसेवकों के संघर्ष और दायित्वों को रेखांकित किया। उन्होंने संघ की गौरवशाली यात्रा और शताब्दी वर्ष के संकल्प ‘पंच परिवर्तन’ सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व-आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्यबोध पर विशेष बल दिया। इस गौरवशाली अवसर पर जिला सह कार्यवाह अमरेंद्र कुमार साह, खंड कार्यवाह रंजीत कुमार साह, सह खंड कार्यवाह जितेंद्र ठाकुर, खंड व्यवस्था प्रमुख अवधेश कुमार साह, मुख्य शिक्षक चंदन कुमार और रजौन मंडल कार्यवाह प्रीतम कुमार राव उपस्थित रहे। साथ ही वरिष्ठ स्वयंसेवक कुमुद रंजन राव, दिलीप कुमार मंडल, श्रीकांत रजक, ओमप्रकाश सिंह, संदीप कुमार, ई. मनीष कुमार, मधुकर साह, संतोष कुमार साह, मुकेश, सूरज, जीतू, अर्पित, नारायण और सक्षम सहित भारी संख्या में रजौन खंड के स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।










