पुरैनी, मधेपुरा,अंग भारत। पुरैनी थाना क्षेत्र की नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की सोमवार रात नया टोला चौक पर गोली मारकर हत्या के बाद मंगलवार सुबह परिजन और समर्थक आक्रोशित हो गए। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने मृतक के आवास के समीप एसएच-58 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन बाधित रहा। करीब सुबह सात बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार सिंह के जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजनों और समर्थकों ने जाम समाप्त किया।
रात से गांव में पुलिस कैंप, अंतिम संस्कार तक निगरानी
हत्या की घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस रात से ही योगीराज स्थित मृतक के आवास और गांव में कैंप कर रही है। उदाकिशुनगंज सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता, उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार, बिहारीगंज थाना समेत अनुमंडल के विभिन्न थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। अंतिम संस्कार तक पुलिस इलाके की स्थिति पर नजर बनाए रही।
पांच नामजद समेत 8-10 अज्ञात पर प्राथमिकी
मृतक की भाभी और नरदह पंचायत की वर्तमान मुखिया रीता कुमारी के फर्द बयान के आधार पर पुरैनी थाना में पांच नामजद समेत आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
नया टोला चौक पर ताबड़तोड़ फायरिंग
बताया जाता है कि सोमवार रात पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला चौक पर विक्की मेहता को ताबड़तोड़ गोली मारी गई। गंभीर रूप से घायल विक्की की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने रात से ही कई स्थानों पर जवानों की तैनाती कर दी थी।
डेढ़ दर्जन से अधिक मामलों में नाम आने की बात
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विक्की मेहता का नाम वर्ष 2007 से अब तक पुरैनी थाना क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में सामने आने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ डकैती, हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की बात कही गई है। वह लंबे समय तक जेल में भी रहा था और करीब एक वर्ष पहले जमानत पर बाहर आया था।
विक्की मेहता के जदयू से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और घटना में किन लोगों की भूमिका है, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पंचायत के कामकाज में सक्रिय होने का दावा
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से विक्की मेहता पंचायत के कामकाज और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दौरान उसके खिलाफ किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई थी।
गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव
हत्या के बाद सड़क जाम और परिजनों के आक्रोश के कारण नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बढ़ गया है। एसडीपीओ के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कर दिया गया, लेकिन परिजन और समर्थक अब पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।







