मुंबई,अंग भारत। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रनों के बड़े अंतर से हराकर नया इतिहास बना दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया यह मैच चेन्नई की अब तक की सबसे बड़ी जीत और मुंबई की सबसे बड़ी हार के रूप में दर्ज हुआ।
Read more………अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक, हैदराबाद की बड़ी जीत
संजू सैमसन की तूफानी शतकीय पारी
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ ने 22, डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 और जेमी ओवर्टन ने 15 रन का योगदान दिया।
मुंबई की खराब शुरुआत, 104 पर सिमटी टीम
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने महज 11 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) ने 73 रन की साझेदारी कर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। हार्दिक पांड्या सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए और पूरी टीम 104 रन पर ढेर हो गई।
गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
चेन्नई की ओर से गेंदबाजी में अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं नूर अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जेमी ओवर्टन को एक-एक सफलता मिली।
रिकॉर्ड जीत से बदली अंक तालिका
इस मुकाबले में जीत के साथ चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। रनों के लिहाज से यह जीत चेन्नई की सबसे बड़ी जीत बन गई, जबकि मुंबई के लिए यह सबसे बड़ी हार साबित हुई। इस जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस आठवें स्थान पर खिसक गई है।









