नई दिल्ली,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर बिन इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने इस वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।प्रधानमंत्री मोदी ने भारत पहुंचने पर मलेशियाई प्रधानमंत्री का स्वागत किया और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भागीदार देश के रूप में मलेशिया की भागीदारी की सराहना की।
कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा
भारत और मलेशिया के प्रधानमंत्री कार्यालयों की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा और वित्तीय प्रौद्योगिकी समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा शिक्षा, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने से जुड़े विषयों पर भी बातचीत हुई।बैठक के दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम ने सबाह के कोटा किनाबालु में भारत का महावाणिज्य दूतावास स्थापित करने के लिए मलेशिया की सहमति की जानकारी दी। दोनों देशों के बीच राजनयिक और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भारत-आसियान संबंधों पर भी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-आसियान संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के निरंतर सहयोग की सराहना की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में जारी सहयोग को आगे बढ़ाने और आपसी संबंधों को और गति देने पर जोर दिया।







