नई दिल्ली,अंग भारत। वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनकी भारत यात्रा की जानकारी दी।जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि नई दिल्ली पहुंचने पर वियतनाम के प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने उनकी अगवानी की।
भारत-वियतनाम संबंधों को बताया मजबूत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। यह साझेदारी दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे मित्रतापूर्ण संबंधों और आपसी सहयोग पर आधारित है।उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा, वित्तीय प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य उभरते क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में अपने संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
बहुपक्षीय मंचों पर भी बढ़ा सहयोग
रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और वियतनाम बहुपक्षीय मंचों पर भी निकट सहयोग के साथ काम कर रहे हैं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में वियतनाम के प्रधानमंत्री की भागीदारी दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग और बहुपक्षीय मंचों पर उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों के नेताओं के साथ विभिन्न साझेदार देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में आर्थिक सहयोग सहित वैश्विक स्तर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।







