Founder – Mohan Milan

वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी, एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

वाराणसी,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच गए। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही प्रधानमंत्री विशेष विमान ‘एयर इंडिया वन’ से उतरे, वहां पहले से मौजूद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद नेताओं और अधिकारियों से संक्षिप्त बातचीत की और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।

Read more…………स्टालिन मॉडल की रफ्तार, लगातार दूसरे साल बड़ी उपलब्धि

एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए बरेका रवाना

स्वागत के बाद प्रधानमंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बरेका के लिए रवाना हुए। बरेका के अस्थायी हेलीपैड पर भी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर उनका स्वागत किया। यहां भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी मौजूद रहे।

महिला सम्मेलन में बड़ी भागीदारी

प्रधानमंत्री अपने 54वें वाराणसी दौरे के दौरान बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग 50 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में मंच से लेकर गैलरी तक केवल महिलाओं की उपस्थिति रहेगी।प्रधानमंत्री इस दौरान महिला सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर जैसे मुद्दों पर संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर शहर में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

6332 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार प्रधानमंत्री इस मौके पर वाराणसी को 6332 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1054.69 करोड़ रुपये की 50 योजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ रुपये की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।इसके अलावा प्रधानमंत्री बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर करेंगे। यह कदम किसानों की आय बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नई ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) रूट शामिल हैं। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन

प्रधानमंत्री वाराणसी में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।प्रधानमंत्री के आगमन से वाराणसी में उत्साह और ऊर्जा का माहौल है, वहीं विकास परियोजनाओं को लेकर लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts