नई दिल्ली,अंग भारत। पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के तीन बागी विधायकों कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौरामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।तीनों नेताओं ने भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब के प्रभारी सतीश पूनिया, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा मौजूद रहे।
दो ने कल दिया था इस्तीफा, एक ने आज -: इससे पहले रविवार को चेतन सिंह जौरामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है।कुंवर विजय प्रताप सिंह अमृतसर नॉर्थ से विधायक हैं और पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं। वे बेअदबी कांड की जांच को लेकर चर्चा में रहे थे। चेतन सिंह जौरामाजरा समाणा से विधायक हैं और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। हरमीत सिंह पठानमाजरा सनौर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
आप के लिए राजनीतिक चुनौती -: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर तीन विधायकों का एक साथ भाजपा में शामिल होना आम आदमी पार्टी के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा पंजाब में अपना जनाधार मजबूत करने की कोशिश में है और आप के बागी नेताओं को साथ लाकर मालवा और माझा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।







