पलामू,अंग भारत। पलामू जिले के जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में गुरुवार रात एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शहर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास पालिका बाजार के बरामदे में हुई, जहां तीन अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।मृतक की पहचान कांजी हाउस मोहल्ला निवासी समीर खलीफा उर्फ गुड्ड (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था और बैग के थोक व्यापार में भी सक्रिय था।
अचानक पहुंचे अपराधियों ने मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार देर रात तीन अपराधी अचानक पालिका बाजार पहुंचे और सीधे समीर खलीफा को निशाना बनाया। अपराधियों ने बेहद नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही समीर मौके पर ही गिर पड़ा।इस दौरान अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से 5 से 6 राउंड फायरिंग भी की। अचानक हुई गोलीबारी से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
Read more……..बारिश-आंधी की चेतावनी,कई जिलों में येलो अलर्ट
साथ मौजूद लोगों को नहीं पहुंचाया नुकसान
घटना के समय समीर खलीफा के साथ इस्राइल आजाद उर्फ मिंटू और एक अन्य युवक भी मौजूद थे। हालांकि अपराधियों ने उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि हमला पूरी तरह से सुनियोजित था और निशाना केवल समीर ही था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल समीर को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिवार में मातम, दो बच्चियों के सिर से उठा साया
बताया जाता है कि समीर खलीफा के परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटी बच्चियां हैं। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले में भी शोक और मातम का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।










