रजौन/बांका/अंग भारत। रजौन प्रखंड के धौनी-बामदेव पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 7 उत्तरी महादा गांव में इन दिनों जल-जमाव की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। गांव की मुख्य सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा होने के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इस नारकीय स्थिति से तंग आकर स्थानीय ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन सौंपकर अविलंब जल निकासी की मांग की है। ग्रामीणों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि पूरे गांव का गंदा पानी उनके घरों के पास जमा हो रहा है, जिससे इलाके में तीव्र दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जल-जमाव की वजह से परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है और इलाके में महामारी फैलने का डर बना हुआ है। आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी का कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो वे एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस मांग पत्र पर मुख्य रूप से बजरंगी साह, विनय कुमार साह, पवन साह, नौरंगी साह, सिंधु देवी, नवलेश कुमार, कुमोद साह, ललन भगत, पवन कुमार भगत, योगेंद्र प्रसाद भगत और हीरा लाल भगत सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।








