अमरपुर/बांका,अंगभारत। अमरपुर अंचल कार्यालय स्थित मिनी सभागार कक्ष में शनिवार को जमीन संबंधी विवादों के समाधान को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अंचल निरीक्षक (सीआई) राजेश कुमार झा एवं अमरपुर थाना में पदस्थापित एसआई कन्हैया कुमार ने संयुक्त रूप से किया।जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपने-अपने मामलों को लेकर पहुंचे। इस दौरान पूर्व में जारी नोटिस के अनुपालन में पहुंचे पक्षकारों द्वारा प्रस्तुत कागजात का अंचल सीआई ने बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने जमीन से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों की दलीलों को गंभीरता से सुना।
Read more………….नीट परीक्षार्थियों के लिए बिहार में सरकारी बसें मुफ्त
तीन मामलों का मौके पर किया गया निष्पादन
शनिवार को आयोजित जनता दरबार में बंटवारे और जमीन विवाद से जुड़े तीन नए मामले सामने आए। फरियादियों ने आवेदन देकर प्रशासन से विवाद समाधान की मांग की। दोनों पक्षों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और तथ्यों की जांच के बाद अधिकारियों ने मौके पर ही तीनों मामलों का निष्पादन कर दिया।जानकारी के अनुसार खंजरपुर गांव के अजय कुमार सिन्हा, परनाथपुर गांव के मन्नी मंडल और कौशलपुर गांव की मंजू देवी के बीच चल रहे जमीन विवाद को ऑन द स्पॉट सुलझाया गया। अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों को समझाकर सहमति के आधार पर विवाद का समाधान कराया गया।
फरियादियों को मिली राहत, प्रशासनिक पहल की सराहना
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। फरियादियों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से जमीन विवाद जैसे मामलों का त्वरित समाधान हो रहा है और लोगों को न्याय के लिए लंबे समय तक भटकना नहीं पड़ता।कार्यक्रम के दौरान राजस्व कर्मचारी कौशर आलम, दलपति अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीण और फरियादी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि जमीन विवाद से जुड़े मामलों में कानून का पालन करें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से संपर्क करें।अमरपुर अंचल प्रशासन का कहना है कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य छोटे-छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर निष्पादन कर लोगों को त्वरित राहत पहुंचाना है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे ताकि लंबित मामलों का समाधान तेजी से हो सके।










