नई दिल्ली,अंग भारत। देशभर में आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में भी एक रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई है। नई कीमतें शनिवार से लागू हो गई हैं।इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का दाम 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर आम लोगों के घरेलू बजट और परिवहन खर्च पर साफ दिखाई देने लगा है।
Read more……………….गोविंदपुरी डबल मर्डर केस में पुलिस एनकाउंटर के बाद गिरफ्तारी
9 दिनों में तीसरी बार बढ़े दाम
तेल कंपनियों ने पिछले नौ दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को भी दोनों ईंधनों के दाम में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई थी।अब ताजा बढ़ोतरी के बाद पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर लगभग 5 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हो चुका है। तेल कंपनियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण लागत बढ़ी है, जिसका असर अब घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है।
CNG उपभोक्ताओं पर भी बढ़ा बोझ
पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी जारी है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी अब 81.09 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगी। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं।इससे पहले 15 मई को सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो और 18 मई को 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ते ईंधन दामों का असर टैक्सी, ऑटो और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर भी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं तो आने वाले दिनों में आम जनता को और महंगाई का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल बढ़ती ईंधन कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है और इसका असर रोजमर्रा के खर्च पर साफ दिखने लगा है।










