Founder – Mohan Milan

जलमीनार बंद रहने से महादलित टोला में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। गर्मी  मौसम शुरू होते ही प्रखंड के खेसर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-8 वनवर्षा गांव के पुझार टोला में पेयजल संकट गहरा गया है। स्थिति यह है कि करीब छह वर्ष पूर्व पीएचईडी विभाग द्वारा बनाया गया जलमीनार इन दिनों सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। जलमीनार से जुड़े करीब 60 घरों के ग्रामीणों को पिछले डेढ़ वर्ष से एक बूंद भी पानी नहीं मिल रहा है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार की दोपहर आक्रोशित ग्रामीणों ने जलमीनार के समक्ष प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जल्द से जल्द जलमीनार को चालू कराने की मांग की। ग्रामीण त्रिवेणी पुझार, अजय पुझार, नागे पुझार, शुभ पुझार, हीरा पुझार और राजेंद्र पुझार समेत कई लोगों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण महादलित टोला के लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाकर परिवार की जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts