भागलपुर,अंगभारत| भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत रामपुर ग्राम में अमर शहीद जुब्बा साहनी के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी का आगमन हुआ।मंत्री के आगमन पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया गया। आरती की थाली से स्वागत करते हुए उनके मस्तक पर तिलक लगाया गया तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सहित एनडीए के कई गणमान्य नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अमर शहीद जुब्बा साहनी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के लिए शहीदों का बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या को लेकर केंद्रीय मंत्री को लिखित रूप में अवगत कराया। इस पर मंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा।









