कोडरमा,अंग भारत। जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली की जांच का दायरा अब कोडरमा तक पहुंच गया है। मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने गुरुवार देर रात जिले में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। देर रात हुई अचानक कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया।
डोमचांच में राजेश यादव के घर छापा
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने सबसे पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में दबिश दी। टीम ने राजेश यादव, पिता जगदीश यादव के घर पर छापेमारी की और उसे हिरासत में ले लिया।इसके बाद एसआईटी ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के पूर्णानगर रोड में कार्रवाई की। यहां से संदीप कुमार, पिता रामदेव सिंह को हिरासत में लिया गया। दोनों को पहले कोडरमा थाना लाया गया और बाद में पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया।
पूछताछ में सामने आए दोनों युवकों के नाम
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पहले पकड़े गए आरोपितों और कथित बिचौलियों से पूछताछ के दौरान दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद एसआईटी ने दोनों के संभावित संपर्कों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई।जानकारी जुटाने के बाद टीम ने गुरुवार देर रात दोनों ठिकानों पर कार्रवाई की। रांची में दोनों से कथित परीक्षा सिंडिकेट से संपर्क, प्रश्नपत्र के लेन-देन, परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और संभावित आर्थिक लेन-देन को लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
हालांकि, दोनों युवकों की कथित भूमिका को लेकर सीआईडी या स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। एसआईटी की पूछताछ में अगर नए नाम और संपर्क सामने आते हैं तो कोडरमा में जांच का दायरा और बढ़ सकता है।देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में सीजीएल परीक्षा के कथित नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब जांच में दोनों युवकों से पूछताछ के आधार पर सामने आने वाली जानकारी पर सभी की नजर है।







