भागलपुर,अंग भारत। गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार को भागलपुर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। शहर से लेकर जिले के विभिन्न इलाकों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने भगवान गणेश को प्रिय लड्डू और मोदक का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।इस बार शहर में गणेश प्रतिमाओं और पूजा पंडालों को अलग-अलग आकर्षक रूप में सजाया गया है। कहीं भगवान गणेश भव्य सिंहासन पर विराजमान हैं तो कहीं वे अपने वाहन मूषक पर सवार नजर आ रहे हैं। पूजा के साथ कई स्थानों पर भंडारा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन शुरू हो गया है।
शर्मा चौक के राजा का भव्य दरबार
सोनापट्टी चौक में शर्मा चौक के राजा समिति की ओर से भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा सिंहासन पर स्थापित की गई है। महंत विष्णु शर्मा के संचालन में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि भागलपुर में सबसे पहले गणेश महोत्सव की शुरुआत इसी स्थान से हुई थी। यहां चार दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार को प्रसाद वितरण और बुधवार को भजन-कीर्तन मुख्य आकर्षण रहेगा।
56 तरह के व्यंजनों का भोग
गणेश पूजा समिति स्वामी विवेकानंद पथ की ओर से जोगसर में स्थापित गणेश प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रंगीन रोशनी और फूलों की आकर्षक सजावट से पंडाल को सजाया गया है। सोमवार को बप्पा को लड्डू सहित 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया।समिति के सदस्यों ने बताया कि मंगलवार को भगवान गणेश को खिचड़ी और खीर का विशेष भोग लगाया जाएगा। इसके साथ ही भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा
जगन्नाथ मंदिर में भी भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी के अवसर पर पारंपरिक तरीके से गणेश पूजा की गई। वहीं परबत्ती में सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। शाम को यहां भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद देर रात तक भजन-कीर्तन चलता रहा।
गजानंद क्लब के उत्सव की 25वीं वर्षगांठ
सिकंदरपुर रोड स्थित गजानंद क्लब के लिए इस बार का गणेश उत्सव खास है। क्लब की ओर से गणेश उत्सव की 25वीं वर्षगांठ यानी सिल्वर जुबली मनाई जा रही है। वहीं वारसलीगंज स्थित बजरंगबली स्थान परिसर में मां शेरावाली क्लब की ओर से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई। जिलेभर में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।







