Founder – Mohan Milan

प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और रक्षा मंत्री ने ‘राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस’ पर दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने मंगलवार को भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर नेताओं ने देश के सभी इंजीनियरों को ‘राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सराहा।

मोदी ने विश्वेश्वरैया को बताया प्रेरणास्रोत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डॉ. एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी इंजीनियरिंग प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की सोच आज भी लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले और देश के सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित महान इंजीनियर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।मोदी ने कहा कि उनकी स्मृति में मनाए जाने वाले ‘इंजीनियर्स डे’ के अवसर पर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी इंजीनियरों को बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि इंजीनियर बेहतर भविष्य के लिए निर्माण करते हैं, नई चीजें विकसित करते हैं और समस्याओं के समाधान तलाशते हैं।

ओम बिरला ने तकनीकी योगदान को किया याद

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि डॉ. विश्वेश्वरैया ने अपनी असाधारण तकनीकी कुशलता, अनुशासन और दूरदर्शिता के जरिए भारत के जल संसाधनों, सिंचाई और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि ज्ञान, नवाचार और कर्तव्यनिष्ठा को राष्ट्रहित से जोड़ा जाए तो असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस देश के लाखों इंजीनियरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। अपनी प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से इंजीनियर भारत के विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। आज भारत मजबूत बुनियादी ढांचे, आधुनिक तकनीक, डिजिटल प्रगति, आत्मनिर्भरता और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे में इंजीनियरों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

राजनाथ सिंह ने सराहा इंजीनियरों का योगदान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के इंजीनियरों की काबिलियत और लगन भारत की तकनीकी प्रगति को आगे बढ़ा रही है, बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रही है।उन्होंने कहा कि एम. विश्वेश्वरैया का जीवन उत्कृष्टता, अनुशासन, नवाचार और जनसेवा का बेहतरीन उदाहरण है। राष्ट्र निर्माण में उनके असाधारण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

गडकरी ने कहा- इंजीनियरिंग से बनता है आत्मनिर्भर राष्ट्र

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एम. विश्वेश्वरैया की दूरदर्शिता, अनुशासन और इंजीनियरिंग में उत्कृष्टता आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि इंजीनियरिंग का मतलब केवल ढांचे तैयार करना नहीं, बल्कि मजबूत, लचीले और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण करना भी है।

खरगे ने दी इंजीनियरों को बधाई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारत रत्न एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने राष्ट्रीय अभियंता दिवस पर देश की प्रगति के लिए लगातार प्रयास कर रहे सभी इंजीनियरों को हार्दिक बधाई दी।

अमित शाह और जितेन्द्र सिंह ने भी किया अभिनंदन

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि इंजीनियरों के लगातार किए जा रहे नवाचार भारत की प्रगति और निरंतर विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में एम. विश्वेश्वरैया के असाधारण योगदान को महत्वपूर्ण बताया।केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि देश के इंजीनियर अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार के जरिए राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दे रहे हैं।

शिवराज बोले- आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा योगदान

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंजीनियरिंग के माध्यम से राष्ट्र और समाज की सेवा में किए गए अद्वितीय कार्य सक्षम राष्ट्र और सशक्त समाज के निर्माण के लिए आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने भारत माता के इस महान सपूत डॉ. एम. विश्वेश्वरैया को नमन किया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon