हल्द्वानी,अंग भारत। हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर की महिलाओं के लिए वॉकवे मॉल स्थित सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग कराई। बाबा नीम करोली महाराज के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित इस फिल्म के जरिए महिलाओं को प्रेम, भक्ति, सेवा, मानवता और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े उनके विचारों को जानने का अवसर मिला।
प्रेम और सेवा का संदेश देती है फिल्म
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज का जीवन प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश देता है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में लोगों को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि शहर में सकारात्मक और संस्कारपूर्ण आयोजनों को लगातार प्रोत्साहन मिलना चाहिए।उन्होंने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, सेवा और सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उनके विचारों और जीवन संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल
फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में हल्द्वानी की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने फिल्म के माध्यम से बाबा नीम करोली महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों को करीब से समझा। फिल्म देखने के बाद महिलाओं ने महापौर की पहल की सराहना की।महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन आध्यात्मिक और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ समाज में सेवा, प्रेम और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी शहर में ऐसे सकारात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।







