Founder – Mohan Milan

कागजों में सिमटी ‘गली-नाली योजना’: रजौन बाजार की सब्जी हाट गली में नारकीय स्थिति, घरों में घुस रहा नाले का बदबूदार पानी

रजौन/बांका,अंग भारत। सरकार भले ही हर गली-नाली को पक्का करने और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन धरातल पर हकीकत कुछ और ही है। कागजों पर योजना के नाम पर लाखों-करोड़ों खर्च दिखा दिए जाते हैं, पर जमीनी स्तर पर न तो नाले की उड़ाही होती है और न ही साफ-सफाई। इसका जीता-जागता उदाहरण है भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर स्थित रजौन प्रखंड मुख्यालय का मुख्य बाजार।मुख्य बाजार के अंदर सब्जी हाट जाने वाली गली की हालत इतनी बदतर हो गई है कि लोगों का वहां रहना मुश्किल हो गया है।

सालों से नहीं हुई उड़ाही, जाम हो गया पूरा नाला -: स्थानीय लोगों के अनुसार सब्जी हाट गली के नाले की सालों से सफाई नहीं हुई है। कचरा और मिट्टी जमा होने से नाला पूरी तरह जाम हो चुका है। पानी निकलने की कोई जगह नहीं बची है, जिसके कारण नाले का सड़ा हुआ बदबूदार पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है।हालात इतने खराब हैं कि यही गंदा पानी अब लोगों के घरों और दुकानों में घुस रहा है। दुकानदार दिन भर बदबू में बैठने को मजबूर हैं। ग्राहक दुकानों तक आने से कतराने लगे हैं, जिससे व्यापार भी चौपट हो रहा है।

स्कूली बच्चियों को सबसे ज्यादा परेशानी -: इस जलजमाव से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चियों को हो रही है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं रोज इसी गली से होकर कन्या मध्य विद्यालय रजौन पढ़ने जाती हैं। छोटी-छोटी बच्चियां रोज कतार में इसी बदबूदार और कीचड़ भरे पानी से होकर गुजरती हैं। कई बार कीचड़ में फिसलकर वे गिर जाती हैं और चोटिल हो जाती हैं। अभिभावकों में इसे लेकर काफी आक्रोश है।इसके अलावा रविवार और बुधवार को यहां साप्ताहिक हाट लगती है। उस दिन सैकड़ों की संख्या में किसान और व्यापारी सब्जी बेचने आते हैं। ग्राहकों को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों को नाक बंद कर इस रास्ते से आना-जाना पड़ रहा है।

त्योहार से पहले लोगों की चिंता बढ़ी -: कुछ ही दिनों में धनतेरस, दीपावली, काली पूजा और महापर्व छठ आने वाला है। छठ जैसे पवित्र पर्व में साफ-सफाई का सबसे ज्यादा महत्व होता है। ऐसे में घरों के सामने नाले का गंदा पानी और बदबू पसरी होने से लोग परेशान हैं कि वे त्योहार कैसे मनाएंगे। संक्रामक बीमारी फैलने का डर भी लोगों को सता रहा है।

ग्रामीणों ने लगाई प्रशासन से गुहार -: इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी विजय गुप्ता, संजय झा, भोला साह, उमाशंकर गुप्ता, शिवलाल साह, धनंजय साह, मुकेश गुप्ता, रोहित गुप्ता, कुंदन गुप्ता, नितेश गुप्ता, विकास साह, दुर्गा देवी, यशोदा देवी और इंदु गुप्ता सहित पूरे बाजारवासियों में भारी आक्रोश है।लोगों का कहना है कि कई बार मुखिया और पंचायत के जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों से पहले जल्द से जल्द नाले की उड़ाही कराकर जलजमाव से निजात दिलाई जाए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon