कटिहार,अंग भारत। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है, लेकिन जिला प्रशासन भी इसे लेकर पूरी तरह सख्त है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के बाद कटिहार में मद्य निषेध विभाग ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ रखा है। इसी अभियान के तहत विभाग को लगातार सफलता मिल रही है।मंगलवार की सुबह हुई कार्रवाई में विभाग ने अलग-अलग जगहों से 107 लीटर चुलाई शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं पिछले दो दिनों के आंकड़े पर गौर करें तो जिले भर में कुल 16 शराब कारोबारियों को जेल भेजा गया है।
बालूघाट में सुबह-सुबह मारा छापा, बाइक पर ले जा रहा था 100 लीटर शराब -: मद्य निषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सेमापुर थाना क्षेत्र के बालूघाट इलाके से बड़ी मात्रा में चुलाई शराब की खेप निकाली जाने वाली है। सूचना के आधार पर टीम ने अहले सुबह ही जाल बिछाया। जैसे ही ललियाही निवासी सूर्यदेव सिंह अपनी अपाची मोटरसाइकिल पर शराब लेकर निकला, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान बाइक पर बंधे दो बड़े ड्रमों से 100 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई। बताया जा रहा है कि यह शराब गंगा के दियारा क्षेत्र में बनाई गई थी और इसे शहर में खपाने की तैयारी थी। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली है और थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
भट्ठा टोला और मनिहारी में महिला तस्कर गिरफ्तार -: इसी दौरान विभाग की दूसरी टीम ने मुफस्सिल और मनिहारी थाना क्षेत्र में भी छापेमारी की। अक्सर देखा जाता है कि पुलिस की नजर से बचने के लिए तस्कर महिलाओं का सहारा लेते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ।मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भट्ठा टोला में सुलेखा देवी नाम की महिला लंबे समय से अपने घर से शराब बेचने का धंधा चला रही थी। ग्रामीणों की शिकायत पर हुई छापेमारी में उसके घर से 5 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई मनिहारी थाना क्षेत्र के नया टोला बौलिया गांव में हुई। यहां रेनू देवी नाम की महिला को 2 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों महिलाओं से पूछताछ में कई और लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन पर टीम नजर रख रही है।
दो दिन में 16 तस्कर चढ़े हत्थे -: मद्य निषेध विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ एक दिन की नहीं है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद पिछले 48 घंटों से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चल रहा है। कटिहार, सेमापुर, मुफस्सिल, मनिहारी, बरारी और कोढ़ा समेत कई थाना क्षेत्रों में टीम ने छापा मारा है। इस दौरान कुल 16 शराब विक्रेताओं और तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से देसी और चुलाई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई है।
प्रशासन की चेतावनी- बख्शे नहीं जाएंगे कारोबारी -: बिहार में 2016 से शराबबंदी लागू है, लेकिन कटिहार जैसे सीमावर्ती जिले में तस्करी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। गंगा के दियारा और बंगाल सीमा से सटे इलाकों में चोरी-छिपे शराब बनाई जाती है।अधिकारी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। साथ ही शराब बनाने वाले अड्डों को भी चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त किया जा रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शराब के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह महिला हो या पुरुष।







