Founder – Mohan Milan

इंडियन बैंक के तीन बकायेदार गिरफ्तार, न्यायिक प्रक्रिया में भेजे गए

बरारी/कटिहार,अंग भारत। ऋण लेकर नहीं चुकाने वालों पर अब शिकंजा कसने लगा है। इंडियन बैंक की भंडारतल शाखा के बकायेदारों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बरारी थाना पुलिस ने तीन बड़े बकायेदारों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वारंट पर हुई तीनों की गिरफ्तारी -: जानकारी के अनुसार जिला नीलाम पत्र प्रशाखा की ओर से इंडियन बैंक के नौ बकायेदारों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट मिलते ही बरारी थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।इस दौरान गांधीग्राम, बारीनगर निवासी नारायण शर्मा, कृषि फार्म टोला, बारीनगर निवासी सुरेंद्र पंडित और नवाडीह निवासी अब्दुल रहमान को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। तीनों को थाने लाने के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया गया।

38 लाख से अधिक का है बकाया -: बताया जा रहा है कि इंडियन बैंक की भंडारतल शाखा के कुल नौ बकायेदारों पर 38 लाख 88 हजार 612 रुपये का कर्ज बकाया है। ये लोग लंबे समय से बैंक का ऋण नहीं चुका रहे थे। बैंक की ओर से कई बार नोटिस भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर मामला जिला नीलाम पत्र शाखा में भेजा गया था।बैंक प्रबंधन के अनुसार अभी छह अन्य बकायेदारों की गिरफ्तारी बाकी है, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

135 अन्य डिफॉल्टरों पर भी होगी कार्रवाई -: इंडियन बैंक भंडारतल शाखा के शाखा प्रबंधक धनंजय कुमार ने बताया कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। बैंक के 135 अन्य खाताधारक भी हैं जिनका खाता एनपीए हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगले 10 से 15 दिनों के अंदर उन सभी 135 एनपीए खाताधारकों के खिलाफ भी केस दर्ज कराया जाएगा। बैंक किसी भी हाल में अपना पैसा डूबने नहीं देगा।

ओटीएस का लाभ उठाने की अपील -: शाखा प्रबंधक ने सभी बकायेदारों से अपील की है कि वे गिरफ्तारी की नौबत आने से पहले ही बैंक से संपर्क करें। बैंक द्वारा ओटीएस यानी वन टाइम सेटलमेंट की सुविधा दी जा रही है।इस योजना के तहत बकायेदार एकमुश्त राशि जमा कर अपना कर्ज खत्म कर सकते हैं और उन्हें ब्याज में भी काफी छूट मिलेगी। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि अपना ऋण वसूलना है। इसलिए समय रहते ओटीएस का लाभ उठाकर अपना खाता बंद करा लें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon