फुल्लीडुमर/बांका/अंग भारत। शराबबंदी को सफल बनाने और समाज को नशे से दूर रखने के लिए जीविका दीदियां अब गांव-गांव में मोर्चा संभाल रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को फुल्लीडुमर प्रखंड के तेलिया पहाड़ पंचायत अंतर्गत नौगांय गांव में जागरूकता रैली निकाली गई।
तीन दर्जन दीदियों ने लिया हिस्सा -: खुशीप्रिया जीविका महिला ग्राम संगठन के बैनर तले निकली इस रैली में तीन दर्जन से अधिक जीविका दीदियों ने हिस्सा लिया। हाथों में नशामुक्ति के संदेश लिखी तख्तियां लेकर दीदियों ने पूरे गांव का भ्रमण किया और लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया।
नारों से गूंजा गांव -: रैली के दौरान दीदियों ने जोरदार नारे लगाए। ‘नशे का जो हुआ शिकार, उजड़ा उसका घर-परिवार’, ‘नशामुक्त हो मेरा बिहार’ और ‘सबसे अच्छा मेरा परिवार’ जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा। दीदियों ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। इससे स्वास्थ्य तो खराब होता ही है, साथ ही घर में झगड़ा और गरीबी भी बढ़ती है। इसलिए हर परिवार को नशे से दूर रहना चाहिए।
शपथ के साथ हुआ समापन -: रैली में मधु देवी, दीपिका कुमारी, खुशबू कुमारी, ललिता देवी, आराधना देवी, पिंकी देवी, सुलेखा देवी, नीतू देवी सहित लेखापाल बिहारी यादव और एसजेवाई पंचायत साधन सेवी राहुल रंजन मौजूद रहे। अंत में सभी दीदियों ने नशामुक्त समाज बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली।इस संबंध में बीपीएम संजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रखंड के नारी कल्याण भितीया, जीवन शक्ति, खेसर, संजीवनी और तेलिया मोड़ संकुल क्षेत्र के सभी ग्राम संगठनों में इस तरह की जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है, ताकि नशामुक्त बिहार के सपने को साकार किया जा सके।







