Founder – Mohan Milan

काढ़ागोला घाट पर गंगा की भव्य महाआरती, दीपों से जगमगाया गंगा तटकाशी की तर्ज पर 40 मिनट तक हुई आरती, डीएम-एसपी सपरिवार हुए शामिल

बरारी/कटिहार/अंग भारत। ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट बुधवार की शाम दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। गंगा की लहरों के बीच शंखध्वनि, घंटियों की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा घाट भक्तिमय हो गया। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एवं जिला गंगा समिति के तत्वावधान में आयोजित गंगा उत्सव में काशी की तर्ज पर हुई भव्य महाआरती आकर्षण का केंद्र रही। करीब 40 मिनट तक चली आरती में श्रद्धालु भक्ति में डूबे रहे।

गंगा उत्सव में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और एसपी परिचय कुमार सपरिवार पहुंचे और गंगा में दीपदान कर मां गंगा के प्रति आस्था प्रकट की। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम आशुतोष द्विवेदी, एसपी परिचय कुमार, डीडीसी डॉ. नेहा कुमारी, बरारी विधायक विजय सिंह, कदवा विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी एवं एसडीएम डॉ. सूरज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर डीएम ने कहा कि गंगा हमारी सभ्यता, संस्कृति और जीवन का आधार है। इसे स्वच्छ और निर्मल रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं दोनों विधायकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे काढ़ागोला घाट की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मन मोह लिया। गीत-संगीत के बीच पूरा घाट भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा। इसके बाद काशी से आए आचार्य राजमन पांडेय, पंडित अतुल दुबे, पंडित अनुराग एवं पंडित अमित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से महागंगा आरती कराई। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा में दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।

उत्सव के तहत सुबह घाट पर स्वच्छता अभियान, श्रमदान, गंगा स्वच्छता शपथ और पौधारोपण भी किया गया। गंगा समग्र के कार्यकर्ताओं के साथ मेरा युवा भारत के 34 स्वयंसेवकों और 35 बिहार बटालियन एनसीसी के 50 कैडेटों ने भी अभियान में भाग लिया। आयोजन में सहयोग करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और अंत में महाप्रसाद का वितरण हुआ।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता विनोद कुमार, डीपीआरओ सौरभ कुमार, योगेन्द्र कुमार, डीआरडीए निदेशक सुदामा सिंह, आईसीडीएस डीपीओ कुमारी पूर्णिमा, डीएसपी सुनील कुमार शर्मा, बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज, सीओ मनीष कुमार, बीपीआरओ राज कुमार सिंह, पीओ श्यामदेव कुमार, सीडीपीओ विभा कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश, बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार एवं नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी बृजमोहन यादव समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon