Founder – Mohan Milan

पूर्णिया में पटाखा दुकानों पर अग्निशमन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था की सघन जांच

पूर्णिया,अंग भारत। दिवाली और छठ जैसे बड़े पर्वों से पहले जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आम लोगों की सुरक्षा और किसी भी तरह के अग्निकांड को रोकने के लिए जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के सख्त निर्देश पर बुधवार को पूरे जिले में पटाखा दुकानों के खिलाफ बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया गया।जिला अग्निशमन पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित पटाखा दुकानों पर अचानक छापेमारी की। टीम ने एक-एक दुकान पर जाकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

क्या-क्या जांचा गया -: निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले दुकानों का वैध लाइसेंस और प्रशासनिक अनुमति देखी। इसके बाद देखा गया कि दुकान में आग से बचाव के क्या इंतजाम हैं। फायर एक्सटिंग्विशर यानी अग्निशमन यंत्र है या नहीं, वो काम कर रहा है या नहीं, बालू और पानी की व्यवस्था है या नहीं, दुकान के अंदर पटाखों को किस तरह रखा गया है – इन सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की गई।कई दुकानदारों को इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि पटाखों को रखने का भी एक तय मानक होता है। अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि दुकान के अंदर बीड़ी-सिगरेट जलाना, खुली आग जलाना या बिजली के ढीले तार कितने खतरनाक हो सकते हैं।

दुकानदारों को दी गई सख्त हिदायत -: अग्निशमन विभाग की टीम ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना लाइसेंस के दुकान चलाना गैर-कानूनी है। अगर किसी के पास लाइसेंस नहीं है तो वो तुरंत प्रशासन से संपर्क कर लाइसेंस ले। साथ ही जिनके पास लाइसेंस है, वो भी सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करें।टीम ने कहा कि हर दुकान में दो से ज्यादा अग्निशमन यंत्र हमेशा तैयार हालत में रखने होंगे। दुकान के बाहर आग बुझाने के लिए बालू से भरी बाल्टियां रखनी होंगी। किसी भी आपात स्थिति में लोगों के बाहर निकलने का रास्ता साफ होना चाहिए और दुकान में जरूरत से ज्यादा पटाखों का स्टॉक नहीं रखना है।

खामियां मिलने पर चेतावनी -: जांच के दौरान कई दुकानों में कमियां भी मिलीं। किसी दुकान में एक्सटिंग्विशर एक्सपायर मिला तो किसी में लाइसेंस की अवधि खत्म हो चुकी थी। कुछ दुकानदारों ने तो सुरक्षा मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रखा था। ऐसी दुकानों को अधिकारियों ने मौके पर ही चेतावनी दी और जल्द से जल्द सभी कमियों को दूर करने को कहा।अधिकारियों ने दो टूक कहा कि पटाखों का कारोबार बहुत ही संवेदनशील है। एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले सकती है। इसलिए लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

आगे भी जारी रहेगा अभियान -: जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं है और इसमें किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना वैध लाइसेंस के पटाखा बेचने या सुरक्षा नियमों को तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दुकान सील करने से लेकर जुर्माना और केस दर्ज करने तक की कार्रवाई शामिल है।प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे सिर्फ लाइसेंसी दुकानों से ही पटाखे खरीदें और पटाखे चलाते समय पूरी सावधानी बरतें। वहीं प्रशासन का ये औचक निरीक्षण अभियान दिवाली तक लगातार जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दौरान शहर में कोई अप्रिय घटना न हो।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon