सुपौल,अंग भारत। जिले में संचालित अल्पसंख्यक बालक छात्रावास के बेहतर संचालन को लेकर गुरुवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में छात्रावास संचालन समिति की बैठक हुई। बैठक में छात्रावास में रहने वाले छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिया गया।
बैठक में छात्रावास में मौजूद मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को रहने, खाने, पढ़ाई और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था मिलनी चाहिए। इसके साथ ही छात्रावास की नियमित साफ-सफाई, रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
सफाई और सुरक्षा में लगे कर्मियों की सेवा के नवीनीकरण को लेकर भी निर्णय लिया गया ताकि छात्रावास की व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
बैठक में सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण मो. दानिश वकार, छात्रावास अधीक्षक मो. बदिउज्जमा, आरएसएम पब्लिक स्कूल के शिक्षक डॉ. नूरजहां बेगम, एसएनएस महिला कॉलेज के सहायक प्राचार्य मो. मकसूद आलम, जिला प्रतिनिधि और अंजुमन तरक्की उर्दू विभाग के सचिव मो. रिजवान अहमद मौजूद रहे।







