Founder – Mohan Milan

महावीर चौक कोसी कारी नदी छठ घाट का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सफाई के दिए निर्देश

कसबा (पूर्णिया),अंग भारत। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कसबा स्थित महावीर चौक कोसी कारी नदी छठ घाट का अपनी पूरी टीम के साथ निरीक्षण किया। यह घाट जिले के प्रमुख छठ घाटों में से एक है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने घाटों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर मौजूद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि घाटों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। गोताखोरों की मदद से नदी के पानी की गहराई का आकलन कराया जाए और खतरनाक व गहरे स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने यातायात सुविधा बेहतर करने की मांग रखी। इस पर डीएम ने नव निर्मित बांध के ऊपर बनी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे से सर्विस रोड के रूप में मदरसा चौक तक बनाने की मांग पर मंजूरी दी।

वहीं भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ के प्रांतीय क्षेत्रीय प्रभारी और अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष बमबम साह ने ग्रामीण क्षेत्रों के व्रतियों की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि करीब 40 प्रतिशत ग्रामीण श्रद्धालु नहरों में छठ घाट बनाकर अर्घ्य देते हैं, लेकिन नहरों में पानी नहीं होने से उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने नहरों में जल्द पानी छोड़ने का अनुरोध किया। इस पर डीएम ने संबंधित विभाग से बात कर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मौके पर बीडीओ मधु कुमारी, सीओ निशांत कुमार, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी, जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हसमत अली, कांग्रेस नेता मो. इरफान, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गोपाल यादव, उपमुख्य पार्षद सुभाष कुमार साह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon