शंभूगंज/बांका/अंगभारत। शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना को जहां तेजी से लागू किया जा रहा है, वहीं बड़ी खौजड़ी गांव में इस योजना के कार्य में बाधा डालने और विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना से गांव में दोनो पक्ष के बीच तनाव का माहौल व्याप्त है और सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा है।जानकारी के अनुसार, गांव में नल-जल योजना के तहत सप्लाई पाइप बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ दबंगों ने पाइप ले जाने से रोक दिया। जब इस बात का विरोध गांव की महिला गायत्री देवी पति दिलीप तांती और रंजू देवी पति दिनेश तांती समेत अन्य ग्रामीणों ने किया, तो आरोप है कि दबंगों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महिलाओं के घर में घुसकर गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद दोनों पीड़िता महिला शुक्रवार को शंभूगंज थाना पहुंचीं और लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही राजेश मंडल, किशोर मंडल, शिव मंडल, चंदन कुमार सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि आरोपियों के डर से उनका परिवार सहमा हुआ है और उन्हें सुरक्षा की जरूरत है। वहीं आरोपित पक्ष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें झूठा फंसाने की कोशिश की जा रही है और किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई है। इधर, शंभूगंज थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









