खड़गपुर (पश्चिम बंगाल), अंग भारत। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं। पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में शनिवार को अलग-अलग दलों ने व्यापक स्तर पर जनसभाएं और रैलियां आयोजित कर अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश की।आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ स्थित बेलदा स्टेडियम में विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली को भाजपा के चुनाव प्रचार का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इसके बाद उनका कार्यक्रम झाड़ग्राम जिले में भी एक जनसभा को संबोधित करने का है, जहां वे मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगे।
Read more…….जंगलमहल में मोदी की 4 बड़ी चुनावी सभाएं
बेलदा और झाड़ग्राम में भाजपा का जोरदार शक्ति प्रदर्शन
भाजपा नेताओं के अनुसार, इन रैलियों के जरिए पार्टी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। कार्यकर्ताओं में भी प्रधानमंत्री की सभा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।शनिवार को झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस ने भी अपनी ताकत दिखाई। पार्टी उम्मीदवार दुलाल मुर्मु के समर्थन में अभिनेता और घाटाल से सांसद देव (दीपक अधिकारी) ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए लोगों से तृणमूल के पक्ष में मतदान की अपील की।
तृणमूल और भाजपा के बीच सीधी टक्कर तेज
चुनाव प्रचार के दौरान दोनों प्रमुख दलों के बीच सीधा मुकाबला साफ नजर आ रहा है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच नेताओं के बयान भी तेज हो गए हैं।पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन क्षेत्र के कल्याणपुर में भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना के समर्थन में विजय संकल्प सभा आयोजित की गई। इस सभा को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा ने संबोधित किया। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेरोजगारी और हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से बदलाव के लिए मतदान करने की अपील की।
खड़गपुर में जनसभा और सांस्कृतिक प्रदर्शन बना आकर्षण
खड़गपुर के झापेटापुर इलाके में भाजपा नेता दिलीप घोष के समर्थन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, खासकर यादव समाज के लोग, पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और अपने प्रसिद्ध लाठी-खेल का प्रदर्शन किया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।इधर, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र नंदीग्राम में सक्रिय प्रचार किया और मतदाताओं से समर्थन मांगा।कुल मिलाकर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में चुनावी माहौल बेहद गर्म हो चुका है। सभी दल पूरी ताकत के साथ मैदान में हैं और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।









