जयपुर,अंग भारत। आईपीएल 2026 के एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जोरदार वापसी की। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने 225 रनों के विशाल लक्ष्य को महज 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
Read more………….IPL में बड़ा उलटफेर, हैदराबाद ने 244 रन लक्ष्य किया हासिल
पराग की कप्तानी पारी, राजस्थान का बड़ा स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही वैभव सूर्यवंशी (4) और यशस्वी जायसवाल (6) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान रियान पराग ने मोर्चा संभाला और 50 गेंदों में 90 रनों की शानदार पारी खेली।पराग को ध्रुव जुरेल का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 30 गेंदों पर 42 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत के ओवरों में डोनोवन फरेरा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में 47 रन ठोक दिए, जिसमें 6 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत राजस्थान ने 20 ओवर में 225 रन बनाए।दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं काइल जैमिसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन को एक-एक सफलता मिली।
दिल्ली की धमाकेदार शुरुआत, मैच पर पकड़
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को इस बार शानदार शुरुआत मिली। पथुम निसांका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेजी से रन जोड़े और पावरप्ले तक बिना विकेट गंवाए 70 रन बना लिए।निसांका ने 33 गेंदों में 62 रनों की तेज पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 40 गेंदों पर 75 रन बनाए। दोनों की साझेदारी ने जीत की नींव रख दी।
मिडिल ऑर्डर ने निभाई जिम्मेदारी
निसांका के आउट होने के बाद भी राहुल ने पारी को संभाले रखा और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। इसके अलावा नीतीश राणा ने भी 17 गेंदों में 33 रन बनाकर अहम योगदान दिया। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 18) और आशुतोष शर्मा (नाबाद 25) ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया।राजस्थान की ओर से तुषार देशपांडे, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे दिल्ली की बल्लेबाजी पर ज्यादा असर नहीं डाल सके।
दिल्ली की वापसी, राजस्थान को झटका
राजस्थान को अपने बड़े स्कोर और गेंदबाजों पर भरोसा था, खासकर जोफ्रा आर्चर से उम्मीदें थीं, लेकिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार तीन हार का सिलसिला तोड़ दिया और अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत की। दिल्ली अब 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है।









