Founder – Mohan Milan

बिहार की समृद्धि से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार : सम्राट चौधरी

पटना,अंग भारत। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित ‘भरोसे के च्वाइस पटना एडिशन’ के 11वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए राज्य के विकास, निवेश और सुशासन को लेकर सरकार का विस्तृत विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब बिहार आर्थिक और औद्योगिक रूप से मजबूत बनेगा।

Read  more……………भागलपुर में नाला निर्माण बना नई परेशानी, ऊंचाई बढ़ने से घरों में पानी घुसने का खतरा

बिहार के गौरवशाली इतिहास से विकास की प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने बिहार के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि कभी ज्ञान, संस्कृति और शासन का प्रमुख केंद्र रही है। उन्होंने कहा कि बिहार ने देश को स्वर्णिम युग दिया है और अब उसी विरासत से प्रेरणा लेकर राज्य को फिर से विकास के शिखर पर पहुंचाने का समय है।उन्होंने प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी थी, लेकिन बाद के वर्षों में राजनीतिक अस्थिरता से विकास प्रभावित हुआ। अब राज्य सरकार दीर्घकालिक योजनाओं के साथ आगे बढ़ रही है।

बड़े निवेश और टाउनशिप योजना से बदलेगा बिहार का चेहरा

सम्राट चौधरी ने बताया कि सरकार 12 आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। लगभग 6.25 लाख एकड़ भूमि पर बनने वाली इन परियोजनाओं में करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।इन टाउनशिप में औद्योगिक कॉरिडोर, इंडस्ट्रियल पार्क, आवासीय क्षेत्र, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की स्थिति में प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और सख्त कानून-व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश बढ़ाने के लिए सरकार ने कई सुधार किए हैं। अब उद्योग स्थापित करने के लिए जरूरी अनुमति 30 दिनों के भीतर देने की व्यवस्था की गई है।उन्होंने चेतावनी दी कि देरी होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ 24 से 48 घंटे में कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया विस्तार

मुख्यमंत्री ने बिहार के पर्यटन स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बोधगया, राजगीर, वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व, विक्रमशिला और पुनौरा धाम जैसे स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की योजना पर जोर दिया।उन्होंने यह भी बताया कि जैन समुदाय के लिए भगवान महावीर का भव्य मंदिर लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है, जो अगले छह महीनों में पूरा होगा।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं, उद्योगपतियों और पेशेवरों से बिहार के विकास अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा कि सामूहिक प्रयास से बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts