Founder – Mohan Milan

भारत मंडपम में आज होगा पीएम मोदी का भव्य अभिनंदन, NDA बैठक में पास होगा विशेष प्रस्ताव

नई दिल्ली,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक रिकॉर्ड के उपलक्ष्य में बुधवार को राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। दोपहर तीन बजे शुरू होने वाली इस बैठक में भाजपा नेतृत्व के साथ विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन कार्यक्रम रहेगा।

Read more…………..भाजपा ने मनाया ऐतिहासिक पल, प्रधानमंत्री मोदी ने तोड़ा 77 साल पुराना रिकॉर्ड

एनडीए बैठक में लाया जाएगा अभिनंदन प्रस्ताव

सूत्रों के अनुसार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में विशेष अभिनंदन प्रस्ताव पेश करेंगे। इस प्रस्ताव का समर्थन एनडीए के अन्य घटक दलों के नेता भी करेंगे। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों और उनके नेतृत्व में देश में हुए बदलावों का उल्लेख किया जाएगा।

12 वर्षों के कार्यकाल पर होगी विशेष चर्चा

बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा होने की संभावना है। भाजपा और एनडीए नेतृत्व इस अवसर को सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के रूप में देख रहा है।

मोदी ने तोड़ा जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। 9 जून 2026 को प्रधानमंत्री पद पर उनके 4,398 दिन पूरे हुए, जबकि 10 जून को यह आंकड़ा 4,399 दिनों तक पहुंच गया। इसके साथ ही वह स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में दर्ज हो गए हैं।हालांकि जवाहरलाल नेहरू कुल 6,130 दिनों तक प्रधानमंत्री रहे थे, लेकिन निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल 4,397 दिनों का माना जाता है। इसी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नरेंद्र मोदी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

भाजपा ने बताया सेवा और विकास का स्वर्णिम काल

भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, संकल्प और समृद्धि का कालखंड बताया है। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया मंचों पर कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने बुनियादी सुविधाओं, डिजिटल विकास, आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छ ऊर्जा और आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।भाजपा के अनुसार, यह केवल योजनाओं का आंकड़ा नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी है। पार्टी ने आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और पर्यावरण के साथ विकास की नीति को मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।

विदेशी नेताओं ने भी दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि पर कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों ने बधाई संदेश भेजे हैं। इनमें श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे और त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर प्रमुख हैं।

देवेगौड़ा और नायडू ने सराहा नेतृत्व

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की है। दोनों नेताओं ने अपने लेखों में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समावेशन, आर्थिक विकास, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए प्रयासों को उल्लेखनीय बताया है।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह दौर केवल राजनीतिक स्थिरता का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, तकनीकी प्रगति, वैश्विक प्रतिष्ठा और विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूती देने वाला कालखंड भी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts