जयपुर,अंग भारत। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो दिनों से कई जिलों में धूलभरी आंधी और रेत के बवंडर देखने के बाद सोमवार को भी मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
Read more………..राजस्थान में गर्मी से राहत, 24 मई से फिर लू का अलर्ट
सवाई माधोपुर में सुबह हुई बारिश
सोमवार सुबह सवाई माधोपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक रुख बदला। सुबह करीब छह बजे शुरू हुई बारिश करीब 15 मिनट तक जारी रही। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं जयपुर, दौसा और अन्य कई जिलों में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हुआ।मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में यह बदलाव 4 जून तक जारी रह सकता है और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
जैसलमेर में उठा रेत का बवंडर
रविवार को जैसलमेर के सीमावर्ती इलाकों में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिला। दोपहर तक तेज गर्मी और तपिश के बाद पाकिस्तान सीमा की ओर से रेत का विशाल बवंडर उठा, जिसने सुल्ताना, मोहनगढ़ और सुथार मंडी समेत कई क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले लिया।तेज हवाओं के कारण आसमान धूल से भर गया और दृश्यता प्रभावित हुई। बाद में कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि होने से तापमान में कमी आई और लोगों को राहत मिली।
कई जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर, बाड़मेर और जालोर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव का असर पूरे प्रदेश में महसूस किया गया।विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण आगामी दिनों में भी मौसम का यह रुख बना रह सकता है।
बाड़मेर रहा सबसे गर्म
मौसम में बदलाव के बावजूद रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 41.5 डिग्री, जालोर में 39.1 डिग्री, जोधपुर में 38.9 डिग्री और उदयपुर व वनस्थली (टोंक) में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।चित्तौड़गढ़ में 38 डिग्री, कोटा में 37.4 डिग्री, श्रीगंगानगर में 37.3 डिग्री और अलवर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
4 जून तक राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और तेज हवाओं व आंधी के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।










