बिहार,अंग भारत| पटना में पथ निर्माण मंत्री ई० शैलेन्द्र ने जानकारी दी कि राज्य मंत्रिपरिषद् ने बिहार स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट-4 (BSHP-IV) के तहत एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा वित्त पोषित कुल पांच सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के तहत मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा, सुपौल और बक्सर जिले में सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क बेहतर होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
Read more…………….जदयू दिल्ली अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने हर्ष मल्होत्रा को दी शुभकामनाएँ
मधुबनी में 632 करोड़ से सड़क का होगा विस्तार
मंत्री ने बताया कि मधुबनी-राजनगर-खुटौना पथ के 38.875 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 632.72 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।यह सड़क मधुबनी बाईपास से शुरू होकर हरिनगर, राजनगर, बाबूबरही और अन्य इलाकों से होते हुए बरैल चौक तक जाएगी। इस मार्ग से राजनगर नौलखा पैलेस और मधुबनी पेंटिंग के लिए प्रसिद्ध जितवारपुर गांव तक पहुंच आसान होगी। साथ ही कपिलेश्वर स्थान और उच्चैठ भगवती स्थान जैसे धार्मिक स्थलों को भी बेहतर संपर्क मिलेगा।
सीतामढ़ी में धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सीतामढ़ी-पुपरी-बेनीपट्टी पथ के 51.261 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 434.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह सड़क कई राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों को जोड़ेगी।इस परियोजना से पुनौराधाम, उच्चैठ भगवती स्थान और नेपाल स्थित जनकपुर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। पुपरी में करीब 4.5 किलोमीटर लंबा बाईपास भी बनाया जाएगा।
दरभंगा परियोजना से नेपाल संपर्क होगा आसान
दरभंगा जिले में विशनपुर-अतरबेल-जाले-घोघराचट्टी पथ के 47.875 किलोमीटर लंबे हिस्से के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए 990.03 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।यह सड़क कई राज्य और राष्ट्रीय उच्च पथों को जोड़ेगी तथा दरभंगा और सीतामढ़ी के लोगों के लिए जनकपुर धाम तक पहुंच आसान बनाएगी। इस परियोजना में चार बाईपास बनाए जाएंगे। जाले के पास विकसित हो रहे लॉजिस्टिक पार्क को भी इस सड़क से कनेक्टिविटी मिलेगी।
सुपौल में किसानों को मिलेगा सीधा फायदा
सुपौल जिले में गणपतगंज-परवाहा पथ के 47.432 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 703.95 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।यह सड़क एनएच-131, एसएच-91 और एसएच-77 को जोड़ेगी। परियोजना में गणपतगंज, प्रतापगंज-परसा बीरबल, नरहिया और परवाहा में चार बाईपास बनाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि यह मार्ग एनएच-27 का वैकल्पिक रास्ता बनेगा और किसानों को अपने कृषि उत्पाद बाजार तक जल्दी पहुंचाने में मदद करेगा।
बक्सर में सड़क परियोजना से औद्योगिक विकास को बल
बक्सर जिले में ब्रह्मपुर-कोरनसराय-इटाढ़ी-बक्सर और उजियारपुर-कुकराहा-जमुआंव-समदा पथ के 80.728 किलोमीटर हिस्से के विकास के लिए 982.58 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।यह सड़क ब्रह्मेश्वर स्थान, चौसा थर्मल पावर प्लांट और नवानगर इंडस्ट्रियल एरिया को बेहतर संपर्क प्रदान करेगी। साथ ही यह एनएच-922 का वैकल्पिक मार्ग भी बनेगी।
जल्द जारी होगी निविदा
पथ निर्माण मंत्री ई० शैलेन्द्र ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए जल्द ही निविदा जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राज्य में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।











One Response