कोलकाता,अंग भारत। पश्चिम बंगाल में रविवार को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। इसके असर से बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल में कई जगह भारी बारिश
दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में आज बारिश होने के आसार हैं। पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और बांकुड़ा में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में तेज हवा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दक्षिण 24 परगना में कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
कोलकाता में बारिश के साथ तेज हवा
कोलकाता, हुगली और हावड़ा में दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। कोलकाता में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में भी बारिश के साथ गरज-चमक होने का अनुमान है।
मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में ज्यादा असर
पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में बारिश का असर अपेक्षाकृत ज्यादा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। बांकुड़ा और पुरुलिया में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। पश्चिम बर्दवान में भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का दौर
उत्तर बंगाल के सभी जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में तेज हवा और आकाशीय बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है।जलपाईगुड़ी में सोमवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश का असर बने रहने का अनुमान है।
तापमान में गिरावट, उमस रहेगी बरकरार
लगातार बारिश और बादलों के कारण तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। कोलकाता में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, हवा में नमी ज्यादा रहने के कारण बारिश के बावजूद उमस का असर बना रह सकता है।








