अंग भारत, गुवाहाटी। असम के कछार जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 80 हजार याबा टैबलेट बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई टैबलेट की कीमत करीब 16 करोड़ रुपये है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
गाड़ी के गुप्त चैंबर में छिपाई थी टैबलेट
पुलिस को जांच के दौरान वाहन में एक गुप्त चैंबर होने की जानकारी मिली। जब चैंबर की तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी संख्या में याबा टैबलेट छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने सभी टैबलेट को जब्त कर लिया और वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया।इतनी बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कछार पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप को बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया।मुख्यमंत्री ने असम पुलिस की इस कार्रवाई की तारीफ करते हुए इसे राज्य में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता बताया।
खेप कहां से आई, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में याबा टैबलेट कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।अधिकारी गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







