Founder – Mohan Milan

राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ बने पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा, गोविंद देव गिरि को महासचिव की जिम्मेदारी

अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा और नए महासचिव गोविंद देव गिरि की बैठक का दृश्य

अयोध्या,अंग भारत। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने कामकाज में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है। वहीं, अब तक कोषाध्यक्ष रहे गोविंद देव गिरि को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही ट्रस्ट में एक महिला समेत तीन नए सदस्यों को शामिल किया गया है। बुधवार को अयोध्या में हुई ट्रस्ट की बैठक के बाद इन फैसलों की घोषणा की गई।

39 साल की सेवा के बाद हुए थे रिटायर

ट्रस्ट की ओर से जारी जानकारी के अनुसार जीतेंद्र मिश्रा उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने भारतीय वायुसेना में करीब 39 साल तक सेवा की और 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए। ट्रस्ट ने बताया कि मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व किया था।सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति को ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को और व्यवस्थित करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। अब ट्रस्ट के रोजमर्रा के प्रशासनिक और प्रबंधन से जुड़े कामों में सीईओ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

गोविंद देव गिरि बने महासचिव

ट्रस्ट में एक और बड़ा बदलाव करते हुए अब तक कोषाध्यक्ष रहे गोविंद देव गिरि को महासचिव बनाया गया है। वह पहले से ही ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों में शामिल रहे हैं। वहीं, दिल्ली के कारोबारी महेश भागचंदका को गोविंद देव गिरि की जगह नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है।ट्रस्ट ने पिछले दो महीनों के दौरान महासचिव का कार्यभार संभालने वाले सेवानिवृत्त आईएफएस कृष्ण मोहन के काम की भी सराहना की। ट्रस्ट ने चुनौतीपूर्ण समय में जिम्मेदारी संभालने के लिए उनका आभार जताया।

तीन नए सदस्य ट्रस्ट में शामिल

बैठक में ट्रस्ट के लिए तीन नए सदस्यों की भी घोषणा की गई। इनमें अयोध्या छावनी निवासी अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के कारोबारी महेश भागचंदका और शिकोहाबाद की रहने वाली डॉ. निर्मला यादव शामिल हैं।डॉ. निर्मला यादव ट्रस्ट की पहली महिला ट्रस्टी होंगी। हिंदी और संस्कृत में परास्नातक डॉ. यादव करीब 19 वर्षों तक महाविद्यालय की प्राचार्य रह चुकी हैं।

राम जन्मभूमि मामले में पैरवी कर चुके हैं पांडेय

74 वर्षीय अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय राम जन्मभूमि के स्वामित्व विवाद मामले में रामलला की ओर से कानूनी पैरवी करने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में राम जन्मभूमि से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कानूनी पक्ष रखने में भूमिका निभाई थी। वह उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर भी छह साल तक रह चुके हैं।

भागचंदका रहे हैं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के यजमान

68 वर्षीय महेश भागचंदका दिल्ली के कारोबारी हैं। वर्ष 2020 में राम मंदिर के भूमि पूजन और 22 जनवरी 2024 को हुए प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में वह यजमान रहे थे। वह ‘हिन्दुत्व के पुरोधा’ पुस्तक के लेखक भी हैं।भागचंदका वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम की कार्यकारिणी के सदस्य हैं। इसके अलावा वह राम वनगमन यात्रा से जुड़े 292 पवित्र तीर्थस्थलों पर श्रीराम स्तंभ स्थापित करने के काम से भी जुड़े रहे हैं।

चढ़ावे की गिनती में तकनीक का इस्तेमाल होगा

बैठक में मंदिर में चढ़ावे की नकद राशि की गणना की प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम करने पर भी चर्चा हुई। ट्रस्ट के अनुसार इस संबंध में दो बैंकों और आईआईटी की ओर से कुछ प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके बाद तकनीकी सहायता से नकद चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

वित्त वर्ष में 237 करोड़ की आय

ट्रस्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी कुल आय 237 करोड़ रुपये रही, जबकि कुल व्यय 91 करोड़ रुपये रहा। निर्माण और अन्य कार्यों पर 425 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया गया। 31 मार्च 2026 को वित्त वर्ष समाप्त होने पर ट्रस्ट के पास कुल 1882 करोड़ रुपये की उपलब्ध राशि थी।ट्रस्ट ने चयन समिति के सदस्यों न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी, सुरेश हावड़े और समिति के सचिव समीर पंडा का भी आभार जताया। समिति ने कम समय में करीब साढ़े पांच हजार आवेदनों की जांच और सैकड़ों उम्मीदवारों के साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon