सुपौल,अंग भारत। सुपौल पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए अंतरजिला गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस, एक बाइक, हथौड़ा, प्लायर कटर समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। आरोपी पूर्णिया और अररिया जिले के रहने वाले हैं।एसपी शरथ आरएस ने बताया कि सूचना मिली थी कि गंभीर वारदातों में शामिल अंतरजिला गिरोह के सदस्य सुपौल में सक्रिय हैं और बड़ी घटना की तैयारी में हैं। सूचना पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसमें अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों को शामिल किया गया।टीम कई दिनों से तकनीकी माध्यमों से गिरोह पर नजर रख रही थी। 22 अक्टूबर की रात सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य त्रिवेणीगंज क्षेत्र में इकट्ठा होकर वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सत्यापन के बाद टीम ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पुलिस को शक है कि हथौड़ा, प्लायर कटर का इस्तेमाल घरों के ताले तोड़ने में किया जाना था।
कौन हैं आरोपी-: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय यादव और फूलो ततमा, दोनों बनमनखी (पूर्णिया) के रहने वाले और शशि ठाकुर, भरगामा (अररिया) निवासी के रूप में हुई है।पुलिस ने राजेश्वरी थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरोह को स्थानीय स्तर पर मदद मिलने की आशंका है, जिसकी जांच हो रही है। हथियारों के सोर्स और सुपौल समेत आसपास के जिलों में हुई पुरानी वारदातों में इनकी भूमिका भी खंगाली जा रही है।तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी कामयाबी मान रही है।







