नई दिल्ली,अंग भारत। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने पैवलान इलाके में बन रही तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
सुबह 9 बजे हुआ हादसा -: पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। इमारत पिछले चार महीने से बन रही थी और तीन मंजिल तक तैयार हो चुकी थी। अचानक जोरदार आवाज के साथ मलबा नीचे गिरा तो आसपास अफरातफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर भागे और देखा कि निर्माणाधीन इमारत ढह गई है। हादसे के वक्त कुछ मजदूर अंदर ही मौजूद थे। पुलिस और NDRF के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर मलबा हटाकर बचाव कार्य शुरू कर दिया था।सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद मलबे से दो शव निकाले गए। एक घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बचावकर्मियों ने बताया कि मलबे की तलाशी का काम पूरा कर लिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस -: फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में घटिया निर्माण सामग्री और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आ रही है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही साफ होगी। इलाके में निर्माण कार्य को लेकर पहले भी शिकायतें मिलती रही हैं।







