बिहार

समृद्धि यात्रा : 13 मार्च को सहरसा आएंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

– स्टेडियम में होगा संवाद कार्यक्रम
– तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
– हवाई अड्डा और नवनिर्मित पार्क का लिया जायजा
– सड़क किनारे लगाया जा रहा सुरक्षा बैरिकेडिंग

अंग भारत, सहरसा|  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत 13 मार्च को प्रस्तावित सहरसा दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, एडीएम निशांत, सदर एसडीओ श्रेयांश तिवारी सहित जिले के तमाम आला अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का सघन निरीक्षण किया और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले हवाई अड्डा परिसर का मुआयना किया। यहाँ सुरक्षा व्यवस्था और मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर बारीकी से जांच की गई। जहां आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद हवाई अड्डे के समीप ही बन रहे नवनिर्मित पार्क का भी निरीक्षण किया गया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शाहपुर पंचायत में कई नई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर जिले को बड़ी सौगात दे सकते हैं। वहीं शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर बन रहे आरओबी निर्माण कार्य का भी अधिकारियों ने जायजा लिया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए निर्माण कार्य की गति तेज कर दी गई है। वर्तमान में शंकर चौक और रेलवे क्षेत्र को छोड़कर अधिकांश पाइलिंग का काम पूरा हो चुका है। डीबी रोड और पूरब बाजार की तरफ पिलर धरातल से ऊपर आ चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री स्वयं निर्माणाधीन ओवरब्रिज का स्थल निरीक्षण करेंगे। संवाद कार्यक्रम के लिए स्थानीय स्टेडियम में भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए हवाई अड्डा, सेंट्रल स्कूल रोड, कमिश्नरी रोड, थाना चौक और डीबी रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग की जा रही है। एसपी हिमांशु ने पुलिस बल को सुरक्षा घेरे और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 13 मार्च से पहले सभी लंबित कार्यों को हर हाल में पूरा कर लिया जाए ताकि मुख्यमंत्री की यात्रा निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।