शंभूगंज बाजार में छापेमारी कर बाल श्रमिक को कराया मुक्त
शंभूगंज/बांका,अंगभारत। शंभूगंज थाना क्षेत्र में बाल श्रमिकों के शोषण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद श्रम विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शंभूगंज बाजार स्थित कादरी गैरेज में छापेमारी की। इस दौरान गैरेज में काम कर रहे एक नाबालिग बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। इसके बाद श्रम विभाग ने बालक को अपने संरक्षण में लेकर विधि सम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बाल श्रम को लेकर विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शंभूगंज बाजार की कई दुकानों और प्रतिष्ठानों में नाबालिग बच्चों से काम कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर शंभूगंज की श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एकता भारती, धोरैया के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विवेक कुमार तथा अमरपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राहुल कुमार की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शंभूगंज बाजार में औचक छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान टीम जब शंभूगंज बाजार स्थित कादरी गैरेज पहुंची तो वहां जांच के क्रम में एक नाबालिग बालक से काम कराए जाने का मामला सामने आया। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाल श्रमिक को मुक्त कराया। बताया गया कि मुक्त कराया गया बाल श्रमिक शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के महथुडीह गांव का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के पढ़ने और खेलने की उम्र में उनसे मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। इसके बावजूद बाजार क्षेत्र में कई दुकानदारों द्वारा बाल श्रमिकों से काम लिया जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एकता भारती ने बताया कि कादरी गैरेज में बाल श्रमिक से काम कराए जाने का मामला सामने आने के बाद गैरेज संचालक के विरुद्ध शंभूगंज थाना में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ विभाग आगे भी सख्ती से अभियान चलाएगा और दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठान संचालकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रमिकों से काम कराए जाने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत श्रम विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

Mohan Milan