Founder – Mohan Milan

नंदीग्राम का दंगल इस बार और दिलचस्प, अपने ही सहयोगी से शुभेंदु का मुकाबला

कोलकाता,अंग भारत। पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पश्चिम बंगाल की राजनीति का वह केंद्र बिंदु है, जहां एक छोटा सा चुनावी बदलाव पूरे राज्य की सत्ता की दिशा तय करने की ताकत रखता है। इस बार का दंगल और भी दिलचस्प है क्योंकि नंदीग्राम के मौजूदा विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी का मुकाबला उनके ही पुराने सहयोगी और हाल ही में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए पवित्र कर से है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस बार यहां से चुनाव न लड़ना और पवित्र कर का तृणमूल का उम्मीदवार बनना इस मुकाबले को एक नई और तीखी राजनीतिक पटकथा दे रहा है।

नंदीग्राम: एक ऐतिहासिक रणभूमि

नंदीग्राम का नाम सुनते ही साल 2007 का वह भूमि आंदोलन जेहन में ताजा हो जाता है, जिसने बंगाल की 34 साल पुरानी वामपंथी सरकार की नींव हिला दी थी। रासायनिक केंद्र के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के खिलाफ लड़ी गई उस लड़ाई में 14 ग्रामीणों की जान गई थी। इस घटना ने ममता बनर्जी के राजनीतिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया।

  • 1951-1967: नंदीग्राम उत्तर और दक्षिण के रूप में विभाजित।
  • 1967: दोनों क्षेत्रों का विलय कर एक विधानसभा सीट बनी।
  • 2011: आंदोलन के बाद ममता बनर्जी की भारी जीत और वाम शासन का अंत।

2021 का महामुकाबला

वर्ष 2021 का विधानसभा चुनाव नंदीग्राम के लिए किसी कुरुक्षेत्र से कम नहीं था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी सुरक्षित सीट भवानीपुर छोड़कर यहां से ताल ठोंकी थी। उनके सामने थे भाजपा के उम्मीदवार और उनके कभी दाएं हाथ रहे शुभेंदु अधिकारी। नाटकीय घटनाक्रमों और कड़े मुकाबले के बीच, शुभेंदु अधिकारी ने मात्र 1,956 मतों के अंतर से ममता बनर्जी को पराजित कर भाजपा का खाता खोला।

चुनावी समीकरण और चुनौतियां

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नंदीग्राम अब केवल एक विधानसभा सीट नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के लिए अपनी साख बचाने और तृणमूल कांग्रेस के लिए अपना खोया आधार वापस पाने का माध्यम बन चुकी है। 2024 के लोकसभा परिणामों को देखें तो यहां भाजपा ने तृणमूल पर 8,200 मतों की बढ़त बनाई थी, जो भाजपा के मनोबल को और बढ़ाती है।

मतदाता वर्ग का स्वरूप

इस क्षेत्र की जनसांख्यिकी को समझना परिणामों का अनुमान लगाने के लिए जरूरी है:

श्रेणी प्रतिशत
मुस्लिम मतदाता 23.60%
अनुसूचित जाति 16.46%
ग्रामीण मतदाता 96.65%
शहरी मतदाता 3.35%

शुभेंदु का सीधा वार

इस बार ममता बनर्जी के मैदान में न होने पर भाजपा इसे ‘डर’ के रूप में पेश कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार से विशेष बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने सीधे शब्दों में कहा, “ममता बनर्जी को मैंने पिछली बार नंदीग्राम में हराया था और इस बार भी उन्हें किसी भी सीट से हराने के लिए भाजपा तैयार है।” भाजपा का पूरा जोर इस बात पर है कि शुभेंदु ने नंदीग्राम में न केवल जीत हासिल की, बल्कि क्षेत्र की समस्याओं को जनता के बीच उठाया है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था और विकास

हल्दी नदी के किनारे बसा यह क्षेत्र मुख्य रूप से कृषि पर टिका है। धान, सब्जियां और मछली पालन यहां के लोगों की आय का मुख्य स्रोत हैं। औद्योगिक विकास की दृष्टि से यह क्षेत्र अभी भी हल्दिया जैसे पड़ोसी शहरों पर निर्भर है।

सड़क मार्ग से तामलुक (33 किमी) और हल्दिया (13 किमी) तक जुड़ाव तो है, लेकिन उच्च शिक्षा और जटिल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोगों को आज भी इन बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता है। महिषादल यहां का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन है, जो यातायात के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

2026 की चुनावी चुनौती

23 अप्रैल को होने वाला मतदान यह तय करेगा कि क्या शुभेंदु अधिकारी की लहर बरकरार रहेगी या पवित्र कर अपने पुराने साथी को टक्कर देने में सफल होंगे। तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि वे संगठनात्मक ढांचे के बल पर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, जिस दिन पवित्र कर ने पाला बदला, उसी दिन तृणमूल का उम्मीदवार बनना एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश है।

नंदीग्राम का यह दंगल साफ करता है कि यहां की जनता केवल विकास नहीं, बल्कि विचारधाराओं की टक्कर में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है। 2026 का परिणाम न केवल एक विधायक चुनेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि पश्चिम बंगाल की राजनीति का ऊंट किस करवट बैठेगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon