Founder – Mohan Milan

बारिश-आंधी की चेतावनी,कई जिलों में येलो अलर्ट

झारखण्ड,अंग भारत | झारखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर नहीं है और आने वाले कुछ दिनों तक इसमें उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम विभाग ने छह अप्रैल तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगहों पर बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश होने और वज्रपात की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बन रही मौसमी परिस्थितियों के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। एक सक्रिय ट्रफ लाइन पूर्वी बिहार से उत्तरी मध्य प्रदेश तक फैली हुई है, जिसका प्रभाव झारखंड के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसी वजह से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल, बारिश और आंधी जैसे हालात बन सकते हैं।

Read more……अंधविश्वास में गई मासूम की जान, तांत्रिक सहित तीन अरेस्ट

50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस अवधि में कई जिलों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। खासकर खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटे में हल्की बारिश दर्ज

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। रामगढ़ में सबसे अधिक 5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि पाकुड़ जिले के पाकुड़िया क्षेत्र में 4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अन्य जिलों में मौसम सामान्य बना रहा, हालांकि कहीं-कहीं बादल छाए रहे।

तापमान में भी दिखा उतार-चढ़ाव

तापमान की बात करें तो राज्य में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है, लेकिन बादलों के कारण लोगों को कुछ राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में सरायकेला में सबसे अधिक तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा।गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री रहा। डालटेनगंज में अधिकतम 36.8 और न्यूनतम 22.5 डिग्री, बोकारो में 34.5 और 21.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 38.4 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोपहर बाद बदला मौसम, लोगों को मिली राहत

गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर के बाद अचानक बादल छा गए। बादलों के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत अस्थायी है और आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रहेगा।विशेषज्ञों के अनुसार, अप्रैल के पहले सप्ताह में इस तरह का मौसम सामान्य माना जाता है, लेकिन वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए सतर्कता जरूरी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts