रांची, अंग भारत। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
रामगढ़ में सबसे अधिक बारिश, कई जिलों में असर
मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में रामगढ़ में सबसे अधिक 21 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि रांची में 18.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा राज्य के अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखी गई।बरही में 12.4 मिमी, चाकुलिया में 8.6 मिमी, बुढ़मू में 7.8 मिमी, बोकारो थर्मल में 6.8 मिमी, मांडर में 6.6 मिमी, चाईबासा में 6.1 मिमी, मुरहू में 6 मिमी और कोडरमा डीवीसी में 5.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
Read more……..धनबाद में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, दो की मौत से हड़कंप
तीन दिन तक मौसम रहेगा खराब, ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 6, 7 और 8 अप्रैल के लिए राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।वहीं 9 अप्रैल तक कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
तापमान में उतार-चढ़ाव, जमशेदपुर सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे। हालांकि दोपहर के समय मौसम साफ हुआ और तेज धूप निकली। सुबह हुई बारिश के कारण वातावरण में ठंडक बनी रही, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई।
प्रमुख शहरों का तापमान
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो रांची में अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 39.5 और न्यूनतम 21.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 37.8 और न्यूनतम 21.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.5 और न्यूनतम 20.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 38 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।कुल मिलाकर झारखंड में मौसम का यह बदलाव आने वाले दिनों में और असर दिखा सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है।









