फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। प्रखंड के खेसर बाजार से सटे घनुआं गांव के समीप आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ सह प्रज्ञा महापुराण कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल व्याप्त है। यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर हवन-पूजन, संध्या आरती और भजन-कीर्तन में भाग ले रहे हैं।शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे संतों के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न हो रहे हैं। यज्ञ में आस पास क्षेत्र के श्रद्धालु सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक पूजा-अर्चना और कथा प्रवचन का क्रम जारी रहता है, जिससे वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। महायज्ञ के अवसर पर लगे मेले में भी लोगों की खासी भीड़ उमड़ रही है। मेले में बच्चों और युवाओं के लिए नौका झूला, जंपिंग झूला समेत कई मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं संध्या समय होने वाले प्रवचन और भजन-कीर्तन में हर दिन श्रद्धालुओं की उपस्थिति बढ़ती जा रही है।आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष आचार्य उदय कुमार शास्त्री, नकुल पंडित, दीपक भगत, भगीरथ मंडल, विवेक भगत, मोजां मंडल एवं नयन शर्मा सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में महायज्ञ को लेकर गहरा धार्मिक उत्साह देखा जा रहा है।









