फिल्म,अंग भारत| दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में उस समय हड़कंप मच गया जब सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ इंटरनेट पर ऑनलाइन लीक हो गई। इस घटना ने न केवल फिल्म के निर्माताओं को झटका दिया है, बल्कि पूरी इंडस्ट्री में पायरेसी को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।
Read more……..विक्की कौशल की महावतर में श्रद्धा कपूर की एंट्री
ऑनलाइन लीक से भारी नुकसान की आशंका
फिल्म के रिलीज से पहले ही ऑनलाइन लीक होने की खबर सामने आने के बाद निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन इस लीक ने पूरी मार्केटिंग और रिलीज रणनीति को प्रभावित कर दिया है।निर्माण टीम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही पायरेसी रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग भी तेज हो गई है।
सुपरस्टार्स ने जताई कड़ी नाराजगी
इस घटना पर साउथ सिनेमा के कई दिग्गज कलाकारों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सुपरस्टार रजनीकांत ने सोशल मीडिया पर इसे स्तब्ध करने वाली घटना बताया और सरकार से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की अपील की।वहीं अभिनेता सूर्या ने इस घटना को “दिल तोड़ने वाला और अन्यायपूर्ण” करार दिया। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे फिल्म को ऑनलाइन न देखें और न ही किसी तरह से इसे शेयर करें।उन्होंने कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत का अपमान है और ऐसे कृत्य किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किए जा सकते।
कमल हासन ने उठाए सिस्टम पर सवाल
दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने इस मामले को सिस्टम की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि सेंसर सर्टिफिकेशन में देरी भी कई बार ऐसे अवैध मामलों को बढ़ावा देती हैउन्होंने यह भी मांग की कि इस तरह की घटनाओं पर जवाबदेही तय की जाए और नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में पायरेसी पर रोक लग सके।
चिरंजीवी ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण घटना
अभिनेता चिरंजीवी ने भी इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री प्रभावित होती है।उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण में कई लोगों की मेहनत और वर्षों का प्रयास शामिल होता है, और इस तरह की लीक से पूरी टीम की मेहनत पर पानी फिर जाता है।
रिलीज टलने से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि फिल्म ‘जन नायकन’ को पहले 9 जनवरी को रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट में देरी के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई थी। अभी तक इसकी नई रिलीज डेट घोषित नहीं की गई है।इस बीच ऑनलाइन लीक ने फिल्म की संभावनाओं और बॉक्स ऑफिस पर असर को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।









