Founder – Mohan Milan

कटिहार सड़क दुर्घटना: 10 महिलाएं समेत 13 की दर्दनाक मौत

कटिहार,अंग भारत। जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित बसगड़ा चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में धुत बस चालक की लापरवाही ने 13 लोगों की जान ले ली, जबकि 32 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 10 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं।

पहले बाइक सवारों को कुचला, फिर पिकअप से भिड़ी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरदा से पूर्णिया जा रही बस काफी तेज गति में थी। बस ने सबसे पहले दो बाइक सवारों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित बस सामने से आ रही एक पिकअप वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार लोगों के शव सड़क पर बिखर गए।

Read more……….गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ना खेती को बढ़ावा, बीज मुफ्त

मृतकों में 10 महिलाएं, कई परिवार उजड़े

मृतकों की पहचान तलू सुरेन (48), राधिका हसदा (19), तेलमी देवी (40), पप्पू हसदा, तलपु सोरेन, ताना टुडू, बिटिका मरांडी, पप्पू देवी, चिंतामणि महतो (35), सदानंद मुर्मू, दुर्गा बाशकी (60), रंजीता हेम्ब्रम (55) के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य की पहचान की जा रही है। इनमें 11 लोग पूर्णिया और 2 कटिहार जिले के निवासी बताए गए हैं।

32 से अधिक घायल, 8 की हालत गंभीर

हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया जीएमसीएच रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

चश्मदीद बोले—ड्राइवर था नशे में, खो दिया नियंत्रण

मौके पर मौजूद चश्मदीद इतबारी बासुकी ने बताया कि बस चालक का नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका था और वह नशे में प्रतीत हो रहा था। उन्होंने बताया कि बस ने पहले बड़हरा कोठी से लौट रहे सदानंद मुर्मू उर्फ राजेश (40) और उनके बेटे को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस ने झारखंड से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को टक्कर मार दी।

धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी यात्री

घायल ताला हांसदा ने बताया कि पिकअप में सवार सभी लोग झारखंड से एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर पूर्णिया लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे के समय तेज आवाज हुई और सभी लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। इस दुर्घटना में उनके बेटे और बहू की भी मौत हो गई।

प्रशासन सख्त, चालक पर होगी कार्रवाई

कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बस चालक भी घायल है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts