पटना,अंग भारत। राजधानी पटना में शुक्रवार को नारी शक्ति का जोश और उत्साह उस समय देखने को मिला, जब ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जेपी गंगा पथ स्थित दीघा गोलंबर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए और बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
Read more…..बिहार में ‘सम्राट राज’ की शुरुआत, मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्रियों ने ली शपथ
कार्यक्रम में दिखा महिलाओं का उत्साह
कार्यक्रम ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ के तहत आयोजित किया गया था, जिसमें महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। मुख्यमंत्री ने इस दौरान चल रहे हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लिया और अपने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया। कार्यक्रम स्थल पर विधायक श्रेयसी सिंह ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। उपस्थित महिलाओं ने हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह का संचार हुआ।
महिला आरक्षण विधेयक पर बड़ा बयान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह कार्यक्रम नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज का दिन देश की महिलाओं के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि यह विधेयक लोकसभा से पारित होता है, तो यह आजादी के बाद महिलाओं को सबसे अधिक ताकत देने वाला निर्णय होगा।मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विधेयक के लागू होने के बाद लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 816 हो जाएगी, जिनमें से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इससे महिलाएं न केवल संसद में अपनी भागीदारी बढ़ाएंगी, बल्कि देश की नीति-निर्माण प्रक्रिया में भी मजबूत भूमिका निभाएंगी।
बिहार में पहले से महिलाओं को मिल रहा आरक्षण
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में पहले ही महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में काफी मदद मिली है और वे समाज में अपनी पहचान बना रही हैं।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का भी उल्लेख किया और कहा कि केंद्र सरकार भी महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बिहारवासियों से इस निर्णय का एकजुट होकर स्वागत करने की अपील की।
बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी
कार्यक्रम में विधायक रमा निषाद, संगीता कुमारी, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने इस आयोजन को सफल और प्रभावशाली बना दिया।अंत में मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।











One Response