भागलपुर,अंग भारत। पुलिस जिला नवगछिया के खैरपुर कदवा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सेफ्टी टैंक में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बमबम मंडल, जय नंदन मंडल और श्रीलाल मंडल के रूप में हुई है।
Read more………..पटना मुठभेड़ में लूटकांड का आरोपी घायल, पुलिस ने मारी गोली
एक-दूसरे को बचाने में गई तीनों की जान
जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले श्रीलाल मंडल टैंक में काम करने के लिए उतरे थे। अंदर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बचाने के लिए जय नंदन मंडल नीचे गए, लेकिन वे भी बेहोश हो गए। इसके बाद तीसरे मजदूर बमबम मंडल भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल सके।
चौथे व्यक्ति को उतारने का प्रयास रोका गया
स्थिति को देखते हुए चौथे व्यक्ति को रस्सी के सहारे नीचे उतारने की तैयारी की गई, लेकिन उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद यह प्रयास रोक दिया गया। काफी प्रयासों के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना समेत आसपास के तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ओम प्रकाश और डीसीएलआर भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
इस हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।
इलाके में शोक, लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग
एक साथ तीन मजदूरों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।









