नई दिल्ली,अंग भारत। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार फेज-1 इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
Read more…..34 साल बाद स्पिरिट एयरलाइंस बंद, सभी उड़ानें रद्द
एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जले
पुलिस के अनुसार, दूसरी मंजिल पर स्थित पीछे के फ्लैट से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ वर्षीय मासूम आकाश जैन के रूप में हुई है।पहली मंजिल से शिखा जैन (45) का शव मिला, जबकि तीसरी मंजिल से एक अन्य परिवार के तीन सदस्यों—नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैली जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25)—के शव बरामद किए गए। हादसे में झुलसे नवीन जैन (48) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
तड़के लगी आग, मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना पुलिस को तड़के करीब 3:48 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन टीमें तत्काल विवेक विहार फेज-1 स्थित मकान नंबर बी-13 पर पहुंचीं। उस समय इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल और पुलिस ने चलाया संयुक्त बचाव अभियान
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत मोर्चा संभाला और कुल 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों और पुलिस ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक नौ लोगों की जान जा चुकी थी। दमकल विभाग के प्रवक्ता एके मलिक ने पुष्टि की कि इस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है।
घरेलू सामान से तेजी से फैली आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग इमारत के छह फ्लैटों में रखे घरेलू सामान के कारण तेजी से फैल गई। राहत कार्य के दौरान विभिन्न मंजिलों से नौ झुलसे शव बरामद किए गए।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस इमारत की फायर सेफ्टी व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग और निर्माण मानकों की भी जांच कर रही है।इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।









